पटना : बिहार में स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में निजी कार, जीप और अन्य निजी वाहनों से किसी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। टोल शुल्क केवल व्यावसायिक वाहनों पर ही लागू होगा। अररिया के हरिपुर में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टोल टैक्स को लेकर लोगों में किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप व्यवस्था लागू की जाएगी, लेकिन बिहार सरकार ने निजी वाहन मालिकों को राहत देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग अपने परिवार के साथ निजी वाहन से यात्रा करते हैं, उनसे किसी प्रकार का टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं टैक्सी, बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों से निर्धारित नियमों के अनुसार टोल वसूला जाएगा। सरकार का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न डालते हुए सड़क अवसंरचना के रखरखाव के लिए व्यावसायिक वाहनों से राजस्व प्राप्त करना है।

