जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी शहर में दहशत फैलाने और लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहा था. प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के करीब 5:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिष्टुपुर स्थित बेलीबोधन घाट के आसपास एक युवक हथियार के साथ संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है और किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।



पुलिस टीम जैसे ही बेलीबोधन घाट पहुंची, वहां मौजूद एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। छापामारी दल ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान निहाल कुमार गुप्ता (19 वर्ष) के रूप में हुई, जो आदित्यपुर-2 स्थित महावीर नगर का निवासी है. तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल तथा उसमें लगी एक जिंदा गोली बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने के लिए हथियार अपने साथ रखता था।
इस मामले में बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 69/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियार के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।



