जमशेदपुर : क्रीड़ा भारती, जमशेदपुर महानगर की ओर से रविवार को “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत एग्रिको मैदान से भव्य साइकिल यात्रा निकाली गई। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना था. कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि भारत सरकार ने इस अभियान में क्रीड़ा भारती को प्रमुखता से शामिल करते हुए अपने पोर्टल पर संगठन को स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया सहित अन्य प्रमुख खेल संगठनों के साथ जोड़ा है।



साइकिल यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष गुप्ता तथा सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में क्रीड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष शिव शंकर सिंह ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. संतोष गुप्ता ने साइकिलिंग के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “साइकिल के एक पैडल को स्वास्थ्य के लिए और दूसरे पैडल को राष्ट्र के लिए चलाइए।” उन्होंने नियमित साइकिल चलाने को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
वहीं सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार ने क्रीड़ा भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन खेल एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में जन-जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा भारती की गतिविधियां अन्य सामाजिक एवं खेल संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में महानगर मंत्री सुभाष कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। साइकिल यात्रा के सफल आयोजन में वरुण कुमार, कंचन दत्ता, कुंदन चंद्रा, चंद्रशेखर, गौतम गोप, राजेश सिंह, राजेश्वर सिंह, सुमित कुमार सिंह, डी. सतीश, दिवाकर खा, शमशाद, बंटी सिंह, गणेश, हनी परिहार, मंजीत सिंह, बाबला, अमन, दिलीप दत्ता, उमेश दुबे, बिपिन सिंह, शिव शंकर सिंह एवं अनिल कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. साइकिल यात्रा के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।



