जमशेदपुर : जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने एमजीएम अस्पताल को पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू होने को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विभाग के मुख्य अभियंता द्वारा जारी पत्र में साफ तौर पर स्वीकार किया गया है कि अब तक पाइपलाइन की टेस्टिंग भी नहीं हुई है, जबकि शेष कार्यों के साथ तीन महीने का ट्रायल पीरियड पूरा करना अभी बाकी है। ऐसे में एमजीएम अस्पताल को अक्टूबर तक भी पाइपलाइन से पानी मिलने की संभावना बेहद कम है।



सौरभ ने आरोप लगाया है की विभागीय अधिकारी और संवेदक लगातार जनता को भ्रमित कर रहे हैं। एक ओर समय-समय पर जल्द जलापूर्ति शुरू करने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर विभाग स्वयं परियोजना की अवधि बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य अभियंता का पत्र यह साबित करता है कि परियोजना अभी भी अधूरी है और जलापूर्ति शुरू होने के दावे सिर्फ लोगों की आंखों में धूल झोंकने के समान हैं।
विष्णु ने उपायुक्त श्री रवि रंजन के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उपायुक्त ने कहा है कि संवेदक को विभाग से अवधि विस्तार मिलने की जानकारी उन्हें नहीं थी। साथ ही उन्होंने सुवर्णरेखा नदी से एमजीएम अस्पताल तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से पूरा करने और परियोजना की प्रगति पर लगातार नजर रखने की बात कही है। जब जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी को ही अवधि विस्तार की जानकारी नहीं थी, तो इससे विभागीय समन्वय और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
सौरभ ने कहा करोड़ों रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना के बावजूद एमजीएम अस्पताल आज भी प्रतिदिन टैंकरों के भरोसे पानी प्राप्त कर रहा है। इसका सीधा असर मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। परियोजना की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए तथा देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संवेदक के खिलाफ जवाबदेही तय की जाए। जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि पाइपलाइन से वास्तविक जलापूर्ति चाहिए।



