नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में मशहूर पंजाबी गायक Guru Randhawa के स्वामित्व वाले एक जिम के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।



घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप में कुख्यात Lawrence Bishnoi गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर गैंग के एक सदस्य को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि गुरु रंधावा के अभिनेता Salman Khan के साथ करीबी संबंध होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है। ऑडियो में इस घटना को महज एक “ट्रेलर” बताया गया है. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग की घटना वास्तव में लॉरेंस गैंग से जुड़ी है या फिर किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो और पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविकता और हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।



