जमशेदपुर : भीषण गर्मी के दौरान जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से EYA Foundation द्वारा आज जमशेदपुर ब्लड बैंक में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं Tata Steel के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 126 यूनिट रक्तदान किया।



कार्यक्रम में Jusco श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान शिविर में Tata Steel के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण रही। सभी रक्तदाताओं ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया।
EYA Foundation के संस्थापक दीपक मिश्रा ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों, Tata Steel कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का संकल्प है। गर्मी के मौसम में ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो जाती है, ऐसे समय में समाज के जागरूक नागरिकों का यह सहयोग अनेक मरीजों के लिए नई उम्मीद लेकर आता है।”
उन्होंने बताया कि पिछले महीने आयोजित रक्तदान शिविर में 64 यूनिट रक्त संग्रह हुआ था, जबकि आज आयोजित शिविर में 126 यूनिट रक्तदान हुआ है। यह समाज में बढ़ती जागरूकता और सेवा भावना का सकारात्मक परिणाम है। शिविर को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों मोंटी महतो, आदित्य मिश्रा, अर्जुन यादव, रोहित, आकाश सिंह, बलदेव सिंह, राहुल सिंह, अफरोज, मनमोहन, अनुराग तिवारी, सोनू पुश्ती, कुलविंदर सिंह, बिट्टू, विशाल सिंह, पंकज एवं उदित यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी सदस्यों के समर्पण, सहयोग और टीमवर्क से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। EYA Foundation ने भविष्य में भी समाजहित में इसी प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया।
“रक्तदान महादान — आपका एक कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है।”



