चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। रुचाप गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चांडिल थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर यमुना राम को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को एसआई यमुना राम पुलिस टीम के साथ रुचाप गांव पहुंचे थे। पुलिस बलराम सिंह मुंडा नामक युवक की तलाश कर रही थी। बताया जाता है कि बलराम घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान उसकी मामी से पुलिस पदाधिकारी की कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।



सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला और एसआई के बीच तीखी बहस, गाली-गलौज तथा धक्का-मुक्की जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। महिला के परिजनों का आरोप है कि एसआई ने डंडे से मारपीट की तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गंदी-गंदी गालियां दीं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और दोषी पुलिसकर्मी पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
नाबालिग होने का दावा, विवाद की अलग कहानी……
परिजनों का कहना है कि बलराम सिंह मुंडा नाबालिग है। उनके अनुसार 10 जून की रात वह स्नान कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने गणेश सिंह सरदार और रोहित आदित्यदेव के बीच विवाद होते देखा। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही रोहित ने उसे गणेश का समर्थक समझकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। बाद में रोहित की शिकायत के आधार पर पुलिस बलराम को पकड़ने उसके घर पहुंची थी।
थाना प्रभारी का दावा : महिला ने किया था हमला……
मामले में चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार ने वायरल वीडियो को एकतरफा और अधूरा बताया है। उनका कहना है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान संबंधित महिला ने एसआई यमुना राम पर ईंट से हमला कर दिया था, जिससे वे घायल हो गए थे। थाना प्रभारी के अनुसार, घायल होने के बाद एसआई ने महिला से पूछताछ की थी कि उसने हमला क्यों किया। उन्होंने बताया कि एसआई का अस्पताल में उपचार भी कराया गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसपी ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश……
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला से जुड़ा मामला होने के कारण किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने एसआई यमुना राम को पुलिस लाइन हाजिर करने के साथ-साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल में जुटा हुआ है।
ग्रामीणों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग……
घटना के बाद महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने एसआई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि वे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच सच्चाई किस रूप में सामने आती है।



