जमशेदपुर : आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले भव्य योग कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर क्रीड़ा भारती, कोशिश एक मुस्कान लाने की एवं लक्ष्मीनारायण मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन की व्यवस्थाओं तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूती मिले. आयोजन के लिए कुशल राजू को मुख्य संयोजक तथा करमजीत सिंह कम्मे को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. बैठक में क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष शिव शंकर सिंह, सुभाष कुमार, राजीव, पुतुल सिंह, सुलोचना देवी सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
