लोकतंत्र सवेरा / जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस वर्ष योग दिवस के कार्यक्रमों को जिला स्तर से लेकर प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित किया जाए, ताकि यह एक जन-आंदोलन का रूप ले सके।



‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर होगा आयोजन
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है। इसी के तहत जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, पुलिस स्टेशनों, सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामान्य योग अभ्यासक्रम (Common Yoga Protocol) के तहत योगाभ्यास कराया जाएगा।
खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में होगा मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम
इस वर्ष का मुख्य जिला स्तरीय योग कार्यक्रम सुबह 6:00 से 8:00 बजे तक खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में प्रस्तावित है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, केंद्रीय सुरक्षा बलों, झारखंड पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, रोटरी और लायंस क्लब जैसी स्वयंसेवी संस्थाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
कार्यस्थलों पर लागू होगा 10 मिनट का ‘Y-Break’
दफ्तरों और संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल की जानकारी देने के निर्देश दिए। इसके तहत सभी कर्मियों को कार्यस्थल पर कम से कम 10 मिनट का योगाभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे तनावमुक्त रहकर काम कर सकें।
व्यापक प्रचार-प्रसार और स्कूली प्रतियोगिताएं होंगी
योग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में सोशल मीडिया, नुक्कड़ नाटक, होर्डिंग्स और बैनर के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में योग से जुड़े सेमिनार, चित्रकला और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में ये रहे उपस्थित :
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) नागेन्द्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, प्रभारी जिला आयुष पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।



