जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवर बस्ती में रविवार सुबह बच्चा चोरी की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया। एक घर में घुसी दो महिलाओं पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चे को चोरी करने के प्रयास का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बाद में दोनों महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह करीब 5:50 बजे दो महिलाएं उनके घर में घुस गईं। उस समय उनका बच्चा घर में सो रहा था। बालेश्वर बेरा का कहना है कि महिलाओं ने बच्चे को उठाने का प्रयास किया, तभी उनकी नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाकर दोनों को पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।



बालेश्वर बेरा ने बताया कि वह सुबह करीब चार बजे टहलने के लिए घर से निकले थे और लौटकर दोबारा सो गए थे। इस दौरान घर के मुख्य गेट पर ताला नहीं लगाया गया था। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर दोनों महिलाएं घर में प्रवेश कर गईं. घटना की सूचना फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं से पूछताछ की। बताया जाता है कि इनमें से एक महिला की गोद में एक बच्चा था, जबकि दूसरी महिला स्वयं को दृष्टिबाधित (अंधा) बता रही थी। लोगों का कहना था कि दोनों महिलाओं को पहले कभी बस्ती में नहीं देखा गया था, जिससे संदेह और गहरा गया।
सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस द्वारा दोनों से पूछताछ की जा रही है तथा पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बच्चा चोरी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



