जमशेदपुर/रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. जटा शंकर पाण्डेय ने रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर हुए कथित हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को कायरतापूर्ण, दुर्भाग्यपूर्ण और अत्यंत निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक ऐसा संगठन है, जो राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों के लिए समर्पित है। ऐसे संगठन के कार्यालय को निशाना बनाना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं ठहराया जा सकता. उन्होंने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों की पहचान की जाए तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यदि राज्य की राजधानी में ही सामाजिक और राष्ट्रहित के कार्यों में लगे संगठनों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है, तो प्रदेश के अन्य हिस्सों की कानून-व्यवस्था की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने इस घटना को राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता का प्रतीक बताया. भाजपा नेता ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और डर का माहौल पैदा करने वाली घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे मामलों में सरकार को कठोर रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।



