रांची : राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना सामने आई है। आरएसएस ने आरोप लगाया है कि मंगलवार देर रात संगठन के कार्यालय को निशाना बनाते हुए अज्ञात लोगों ने पेट्रोल बम फेंके। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है. आरएसएस के रांची मीडिया समन्वय प्रमुख स्निग्ध रंजन ने बताया कि यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय में मंगलवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुई। उन्होंने दावा किया कि कार्यालय परिसर को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंके गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि घटनास्थल से कांच की दो बोतलों के टूटे हुए टुकड़े बरामद किए गए हैं। बोतलों में मौजूद पदार्थ की पहचान के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।



एसएसपी ने कहा कि अभी यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि बरामद वस्तुएं पेट्रोल बम थीं या नहीं। एफएसएल की रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पुलिस ने फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच तेज कर दी है। वहीं, आरएसएस ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



