लोकतंत्र सवेरा/धनबाद-जमशेदपुर : जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे शूटर सागर सिंह के बुधवार शाम धनबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल होने की सूचना है। मुठभेड़ निरसा थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सागर सिंह को गोली लगी। घायल सागर को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सागर सिंह अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ धनबाद में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। इसकी भनक धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को लगी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की. बताया जाता है कि पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान सागर सिंह को गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सागर सिंह के दो कथित सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हथियार समेत अन्य सामान बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. अब पुलिस इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि आखिर धनबाद में तीनों किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। साथ ही निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगालने में भी पुलिस जुटी हुई है।
