जमशेदपुर। सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के शहादत दिवस के अवसर पर हिंद एकता सामाजिक संस्था द्वारा सेवा एवं मानवता का परिचय देते हुए बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद ओल्ड एज होम में फल एवं आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया. संस्था के अध्यक्ष सिमरन भाटिया के नेतृत्व में सदस्यों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच फल वितरित किए तथा उनके साथ समय बिताकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने बुजुर्गों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। संस्था के इस प्रयास से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और संतोष की झलक देखने को मिली. इस अवसर पर अध्यक्ष सिमरन भाटिया ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन सेवा, सुमिरन और मानवता की भलाई का संदेश देता है। उनके शहादत दिवस पर बुजुर्गों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि हिंद एकता सामाजिक संस्था भविष्य में भी इसी तरह के जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।



कार्यक्रम में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, समाजसेवी सतबीर सिंह सोमू, चंचल भाटिया, सावन मुखी, नवनीत सिंह जॉनी, अरब सागर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई. वृद्धाश्रम के प्रबंधन एवं वहां निवासरत बुजुर्गों ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए पूरी टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



