जमशेदपुर। पुलिस केंद्र, गोलमुरी में शुक्रवार को नवनिर्मित पुलिस परिवार बाल उद्यान का उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे. उद्घाटन के बाद एसएसपी ने उद्यान का निरीक्षण किया और इसे पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में अत्यंत व्यस्त रहते हैं। ऐसे में उनके परिवारों, विशेषकर बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और मनोरंजक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। यह बाल उद्यान उसी दिशा में एक सकारात्मक पहल है. पुलिस केंद्र परिसर में विकसित किए गए इस उद्यान में बच्चों के मनोरंजन और परिवारों के अवकाश के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इससे पुलिस परिवारों को बेहतर सामाजिक एवं पारिवारिक वातावरण मिल सकेगा।







कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर हरित वातावरण के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास जैसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक कल्याण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



