जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की बारीडीह बस्ती शनिवार रात उस समय तनाव का केंद्र बन गई, जब घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना में एक युवक के घायल होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बस्तीवासियों ने पुलिस की पीसीआर वैन को घेरकर जमकर हंगामा किया. मिली जानकारी के अनुसार बारीडीह निवासी नेहा कुमारी ने आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर शिकायत की थी कि उसका पति रविश कुमार नशे की हालत में घर पहुंचकर मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। बताया जाता है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला ने पुलिस से पति को थाना ले जाने का अनुरोध किया।



थाना ले जाने के दौरान बिगड़ी स्थिति……
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस जब रविश को अपने साथ ले जाने लगी तो उसने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद जो हुआ, उसे लेकर दो अलग-अलग दावे सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीसीआर वैन के चालक ने डंडे से रविश की पिटाई कर दी, जिससे उसका सिर फट गया। वहीं पुलिस का कहना है कि विरोध के दौरान रविश नाली में गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लगी।
घायल युवक को भेजा गया अस्पताल…….
युवक के घायल होने की खबर फैलते ही बस्ती के लोग आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और पुलिस वाहन को घेरकर कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल रविश को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर……
घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक के सिर में चोट किस परिस्थिति में लगी।
सवालों के घेरे में पूरी घटना…..
घरेलू विवाद से शुरू हुआ मामला अब पुलिस कार्रवाई और स्थानीय लोगों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझ गया है। बस्तीवासियों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जबकि पुलिस अपने स्तर पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी हुई है।
क्या है मामला?…..
पत्नी ने 112 पर पति की शिकायत की।
पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को साथ ले जाने लगी।
युवक घायल हुआ, सिर में गंभीर चोट आई।
पुलिस पर मारपीट का आरोप लगा।
बस्तीवासियों ने पीसीआर वैन घेरकर हंगामा किया।
पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।



