जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करनी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या को लेकर क्षत्रिय करनी सेना ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन पूरे देश में संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।

डॉ. शेखावत ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में हुई यह हत्या राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इस घटना से पूरे देश का क्षत्रिय समाज और संगठन आक्रोशित है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा। इसलिए पूरे प्रकरण की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
करनी सेना ने रखीं चार प्रमुख मांगें……
हिमांशु सिंह हत्याकांड की उच्चस्तरीय एसआईटी से जांच कराई जाए।
मामले में शामिल सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।
यदि डबल डाउन बार के कर्मचारियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
किसी पुलिस अधिकारी या कर्मी की लापरवाही सिद्ध होने पर उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा संगठन ने मृतक के परिजनों को सुरक्षा और उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
देशभर में आंदोलन की चेतावनी……
डॉ. राज शेखावत ने स्पष्ट कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षत्रिय करनी सेना देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. गौरतलब है कि सरायकेला-खरसावां जिले के करनी सेना युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला था और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठे थे।
