जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में नामजद आरोपी एवं भाजपा नेता सह डीडी बार एंड कैफे के संचालक नीरज सिंह ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने शुक्रवार को अपने अधिवक्ता प्रकाश झा के माध्यम से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की। अदालत ने इस याचिका पर सुनवाई के लिए शनिवार की तिथि निर्धारित की है।

इधर, नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह ने भी पुलिस द्वारा जब्त की गई उनकी दो लग्जरी गाड़ियों—डिफेंडर और एक्सयूवी—को मुक्त कराने के लिए एसीजेएम कोर्ट में आवेदन दाखिल किया है। अदालत में इस आवेदन पर भी नियमानुसार सुनवाई होगी।
गौरतलब है कि आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता सह डीडी बार एंड कैफे के संचालक नीरज सिंह के साथ होटल के मैनेजर विजय कुमार को भी नामजद आरोपी बनाया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार देर रात पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने दयाल होटल परिसर में छापेमारी कर बार के लाइसेंस, दस्तावेजों तथा स्टॉक की विस्तृत जांच की थी। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

