जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने गुरुवार (16 जुलाई 2026) दोपहर पटमदा एवं बोड़ाम थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पटमदा के थाना प्रभारी एवं अंचल निरीक्षक मौजूद रहे। एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना क्षेत्र के दागी अपराधियों, गुंडा एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को अवैध जुआ, लॉटरी, मादक पदार्थों (ड्रग्स) के कारोबार, अवैध पत्थर खनन तथा लकड़ी के अवैध व्यापार के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल से सटे अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में रात्रि के समय सघन पेट्रोलिंग करने और अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया. एसएसपी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध एवं अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

