जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस की ईमानदारी और संवेदनशील कार्यशैली का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मानगो डिमना रोड निवासी एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर में कार्यरत पल्लवी प्रधान का ड्यूटी पर जाते समय दो आईफोन, 700 रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स रास्ते में कहीं गिर गया। सूचना मिलने पर एसआई लालमनी प्रसाद ने न केवल पर्स सुरक्षित रखा, बल्कि उसके मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की. जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पल्लवी प्रधान अपने कार्यस्थल जा रही थीं। इसी दौरान उनका पर्स रास्ते में कहीं गिर गया, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी कार्यालय पहुंचने के बाद हुई। पर्स में दो आईफोन, 700 रुपये नकद के अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। पर्स गायब होने का पता चलते ही उन्होंने अपने मोबाइल नंबर पर कॉल किया।

कॉल रिसीव करने वाले एसआई लालमनी प्रसाद ने बताया कि उन्हें पर्स बाग-ए-जमशेद के पास मिला है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। सूचना मिलते ही पल्लवी वहां पहुंचीं, जहां पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें उनका पर्स सभी सामानों के साथ सकुशल लौटा दिया. अपना पर्स और उसमें रखा पूरा सामान सुरक्षित वापस मिलने पर पल्लवी प्रधान ने एसआई लालमनी प्रसाद का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय पहल की लोगों ने भी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य पुलिस के प्रति आम लोगों का विश्वास और मजबूत करते हैं।
