9 अगस्त को सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे 1000 शिवभक्त, तैयारियां अंतिम चरण में : विकास सिंह
जमशेदपुर : बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ द्वारा आयोजित निःशुल्क कांवर यात्रा के लिए रविवार को कदमा स्थित रंकनी मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिवभक्तों के पंजीयन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। पंजीयन से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर यात्रा के सफल एवं मंगलमय आयोजन की कामना की. कार्यक्रम के दौरान कदमा क्षेत्र में पंजीयन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संघ के कार्यकर्ताओं के मोबाइल नंबर अंकित पोस्टर का भी विमोचन किया गया, ताकि इच्छुक श्रद्धालुओं को पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पंजीयन अभियान का शुभारंभ करने पहुंचे बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि आगामी 9 अगस्त को 1000 शिवभक्त जमशेदपुर से सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे। वहां से पवित्र गंगाजल लेकर सभी श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे. उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य ऐसे श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ के दर्शन एवं जलार्पण का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक, पारिवारिक, अकेलेपन अथवा यात्रा के अनुभव के अभाव के कारण कांवर यात्रा नहीं कर पाते हैं। संघ की ओर से यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जाती है।
विकास सिंह ने बताया कि यात्रा की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं का पंजीयन लगातार जारी है तथा ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर पंजीयन किया जा रहा है। निर्धारित संख्या पूर्ण होने तक इच्छुक शिवभक्त अपना पंजीयन करा सकते हैं. इस अवसर पर मुख्य रूप से विकास सिंह, किशोर बर्मन, विक्रम यादव, छोटेलाल सिंह, भावेश कुमार, पिंकी पाल, समीर सुमन, सुरेश प्रसाद, कमलेश सिंह, राहुल गुप्ता, देवी बारिक, कोमल मिश्रा, सुनीता भुईया, फुलमती देवी, एस. भूमिका, नीलम कुमारी, पूनम वर्मा, गीता देवी, भारती गोप, राजू केशरी, प्रतिमा केशरी, यमुना सिंह, लक्खी देवी, बसंती पाल, कृष्णा प्रसाद, रीना देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
