बागपत/बाराबंकी (यूपी): उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार पर बार-बार सांप के हमले से दहशत का माहौल है। बिनौली गांव में सोमवार शाम एक युवती को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार सांप ने डस लिया। इससे पहले उसके भाई को भी बीते एक महीने में पांच बार सांप काट चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं से परिवार भय और चिंता के साये में जी रहा है. जानकारी के अनुसार, बिनौली निवासी विनोद वाल्मीकि की बेटी खुशी सोमवार शाम घर के बाहर बने बाथरूम में गई थी। इसी दौरान सांप ने उसके पैर में डस लिया। युवती की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल बिनौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

परिजनों ने बताया कि खुशी को इससे पहले 22 जुलाई को भी घर में काम करने के दौरान सांप ने डस लिया था। उस समय पहले उसे बागपत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजा गया था. परिवार का कहना है कि खुशी के भाई राजा को भी पिछले एक महीने के दौरान पांच बार सांप काट चुका है। एक ही परिवार के सदस्यों को बार-बार निशाना बनाए जाने से पूरा परिवार भयभीत है। हालात ऐसे हैं कि परिजन रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
बाराबंकी में स्कूल के छात्र की सर्पदंश से मौत, परिजनों का हंगामा…….
उधर, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सर्पदंश की एक अन्य दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां तीसरी कक्षा के एक छात्र को स्कूल परिसर में सांप ने डस लिया। आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण बच्चे की मौत हो गई. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हैदरगढ़ सीएचसी में बच्चे का शव रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कूल के शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके निलंबन, एफआईआर दर्ज करने तथा अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देने की मांग की। परिजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने देंगे।
