जमशेदपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सिंहभूम विभाग ने संसद भवन में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव द्वारा साधु-संतों के भगवा वस्त्र धारण किए जाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। परिषद ने इसे सनातन समाज और साधु-संतों की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए इसकी निंदा की है. विहिप के सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि संसद में हुई इस घटना से देशभर के साधु-संतों एवं सनातन समाज में रोष व्याप्त है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस दौरान मौजूद थे। अरुण सिंह ने कहा कि यदि किसी धर्म विशेष के धार्मिक परिधान का इस प्रकार प्रयोग किया जाता है तो उसे गंभीरता से लिया जाता है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो अन्य धर्मों के धार्मिक परिधान पहनकर भी ऐसा प्रदर्शन कर दिखाया जाए।

प्रेस विज्ञप्ति में अरुण सिंह ने कांग्रेस पर हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी कांग्रेस नेताओं पर धार्मिक प्रतीकों के कथित अपमान के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन और अन्य धार्मिक मुद्दों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों की आलोचना की. अरुण सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद साधु-संतों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और आवश्यकता पड़ने पर देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदू समाज अपने धार्मिक स्थलों और आस्था के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट रहेगा।
