जमशेदपुर : भुईयांडीह क्षेत्र के इंदिरा नगर एवं कल्याण नगर में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित सैकड़ों परिवारों की समस्याओं को लेकर आज झारखंड के मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से अभियान को फिलहाल स्थगित करने तथा किसी भी कार्रवाई से पूर्व सभी प्रभावित एवं भूमिहीन परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करेगा।

दैनिक समाचार पत्रों में अतिक्रमण हटाने की खबर प्रकाशित होने के बाद से प्रभावित परिवारों की ओर से राहुल रघुवंशी लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं। स्वयं प्रभावित परिवारों में शामिल राहुल रघुवंशी ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न स्तरों पर लगातार संपर्क कर बस्तीवासियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि गरीब एवं भूमिहीन परिवारों के हितों की रक्षा करते हुए मानवीय आधार पर समाधान निकाला जाना चाहिए. इस पूरे मामले में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक ने भी सक्रिय भूमिका निभाई है। विधायक ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है तथा सरकार के समक्ष उनकी मांगों को रखने की पहल की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक पूर्णिमा दास साहू, राहुल रघुवंशी एवं प्रभावित बस्तीवासियों के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगी। प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से अनुरोध करेगा कि प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान को तत्काल स्थगित किया जाए तथा किसी भी कार्रवाई से पहले सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आवास एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. प्रभावित बस्तीवासियों ने मुख्यमंत्री से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए गरीब परिवारों के हित में संवेदनशील एवं न्यायोचित निर्णय लेने की अपील की है। बस्तीवासियों को उम्मीद है कि राज्य सरकार उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए सकारात्मक समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी।
