जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र निवासी पुष्प राज के एक्सिस बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने सात अलग-अलग लेन-देन के जरिए 3,99,891.65 रुपये की निकासी कर ली। घटना 27 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। खाते से लगातार रकम डेबिट होने के मैसेज मिलने के बाद पीड़ित को साइबर ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।

पुष्प राज के अनुसार, मोबाइल फोन देखने पर उन्हें बैंक खाते से लगातार रुपये कटने के कई संदेश मिले। इसके बाद उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की, तो सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब चार लाख रुपये निकाले जाने का पता चला। बिना उनकी अनुमति के इतनी बड़ी रकम की निकासी होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी. मामले में पुष्प राज के बयान पर बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान बैंक खाते से हुए सभी संदिग्ध लेन-देन और ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रकम निकालने वाले संदिग्ध व्यक्ति के मोबाइल नंबर अथवा ओटीपी से संबंधित कोई जानकारी उनके पास उपलब्ध नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि रकम ट्रांसफर होने के बाद संबंधित व्यक्ति की ओर से सभी चैट का विवरण भेज दिया गया था. पुलिस अब बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर हुई। साथ ही, इस साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।










