जमशेदपुर : बिस्टुपुर स्थित तुलसी भवन में सोमवार को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का मुख्य विषय “हलाल सर्टिफिकेशन : तथ्य, चुनौती और समाधान” रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह मंत्री जीतेन्द्र उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सत्यप्रकाश, ग्राहक पंचायत की प्रांत अध्यक्ष एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. कल्याणी कबीर, प्रांत उपाध्यक्ष ऐंजिल उपाध्याय तथा जिला अध्यक्ष पप्पू सिंह मंचस्थ अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राहक गीत से हुई। इसके बाद मंचस्थ अतिथियों ने सामूहिक रूप से मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। संगठन मंत्र जिला पर्यावरण आयाम प्रमुख अमलेन्दु जी ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के संचालनकर्ता वी. प्रभु जी ने अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति ने ग्राहक पंचायत की भूमिका और संगठन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्राहक पंचायत का विधिवत कार्य वर्ष 1974 में प्रारंभ हुआ था। उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य ग्राहक हितों की रक्षा के साथ समाज में जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में ग्राहक की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में किसी न किसी रूप में ग्राहक होता है। उन्होंने संगठन की ओर से उपभोक्ता अधिकारों के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी भी दी. इसके बाद कार्यकर्ता डोली परिहार ने एकल गीत प्रस्तुत किया। मुख्य वक्ता जीतेन्द्र जी ने हलाल सर्टिफिकेशन के मुद्दे पर अपने विचार रखते हुए कहा कि हलाल अर्थव्यवस्था को लेकर समाज में जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे खरीदारी करते समय उत्पादों की जानकारी और प्रमाणन को समझें तथा देश की अर्थव्यवस्था और अपने हितों को ध्यान में रखते हुए जागरूक ग्राहक की भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि लोगों को यह विचार करना चाहिए कि कौन-सी व्यवस्था उनके हित में है और कौन-सी अहित में। उन्होंने उपस्थित लोगों से हलाल प्रमाणित उत्पादों को लेकर जागरूकता बढ़ाने और अपने घर तथा मोहल्ले से इसकी शुरुआत करने का आह्वान किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. कल्याणी कबीर ने कहा कि समाज को शोषण मुक्त बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्राहक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया. अंत में जिला अध्यक्ष पप्पू सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।



























































