जमशेदपुर : डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से मरीजों और उनके परिजनों में चिंता बढ़ गई है। अस्पताल के अलग-अलग वार्डों और परिसर में हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को एनआईसीयू वार्ड के बाहर चार्जिंग पर लगा एक युवक का मोबाइल चोरी हो गया, जबकि रविवार रात गायनिक वार्ड के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की जेब काटकर बदमाश पर्स लेकर फरार हो गया।

सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एनआईसीयू वार्ड के बाहर दूसरे तल्ले पर एक युवक ने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान अज्ञात युवक ने मौका पाकर मोबाइल चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल अधीक्षक को सूचना दी गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसमें एक संदिग्ध युवक मोबाइल ले जाते हुए दिखाई दिया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार एनआईसीयू में भर्ती नवजात बच्चों के परिजनों के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से कूपन की व्यवस्था की गई है, ताकि वार्ड के बाहर केवल अधिकृत परिजन ही मौजूद रहें। इसके बावजूद कई बार बाहरी लोग भी इस क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। इससे भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी होती है। बाहरी लोगों को हटाने के दौरान कई बार सुरक्षाकर्मियों के साथ विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
वहीं, रविवार रात करीब नौ बजे गायनिक वार्ड के बाहर चोरी की दूसरी घटना हुई। बोड़ाम प्रखंड के डांगरडीह गांव निवासी विनोद सिंह वार्ड के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने ब्लेड से उनकी पैंट की जेब काटकर पर्स निकाल लिया। पर्स में करीब 9 हजार रुपये नकद, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज थे। विनोद को चोरी की जानकारी तब हुई, जब उनके बहनोई खाना लेकर पहुंचे और उन्हें जगाया। इसके बाद जेब की जांच करने पर पर्स गायब मिला। घटना की सूचना तत्काल ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को दी गई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
अस्पताल में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे बाहरी और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा सके। मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से वार्डों के बाहर सुरक्षा बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने, बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को और प्रभावी बनाने की मांग की है।



























































