देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 19वें दिन सोमवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आई। भोर होते ही बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा के दर्शन और जलार्पण के लिए उमड़ पड़े। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट अहले सुबह 4 बजकर 13 मिनट पर खोला गया। परंपरा के अनुसार सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद आम कांवरियों के लिए जलार्पण शुरू हुआ। रात से ही कतार में खड़े कांवरिये बाबा का नाम जपते हुए गर्भगृह की ओर बढ़ते रहे। सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों के जयघोष से पूरा रूटलाइन गूंज उठा।
बीएड कॉलेज से कतारबद्ध होकर कांवरिये लगातार बाबा मंदिर की ओर बढ़ते रहे। केसरिया वस्त्रों में सजे शिवभक्तों का उत्साह और बाबा के प्रति उनकी अटूट आस्था देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से रूटलाइन, कतार, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारी और सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित जलार्पण कराने में जुटे हैं।


