जमशेदपुर : कदमा के चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अब तक पुलिस 30 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें घटना के वक्त होटल में मौजूद महिला, एक सिख व्यक्ति, होटल के ग्राहक और निखार के करीबी साथी शामिल हैं। पुलिस हर उस कड़ी को जोड़ने में जुटी है, जो हत्याकांड के पीछे की साजिश और शूटरों तक पहुंचा सके।

घर से होटल तक CCTV की पड़ताल, मानगो की ओर भागे हमलावर……
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर निखार के आवास तक लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध अपराधी मानगो की ओर जाते दिखाई दिए हैं। इतना ही नहीं, पुलिस को ऐसे फुटेज भी मिले हैं, जिनमें निखार की गतिविधियों पर दो संदिग्धों द्वारा काफी दूर तक नजर रखे जाने की बात सामने आई है. जांच एजेंसियों को आशंका है कि वारदात के बाद अपराधियों ने रास्ते में वाहन बदला और इसके बाद बिहार की ओर निकल गए। हालांकि पुलिस अभी इस संभावना की पुष्टि नहीं कर रही है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
संदिग्धों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी…..
सीसीटीवी फुटेज में नजर आए संदिग्धों की पहचान किए जाने का दावा पुलिस की ओर से किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 18 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें जमशेदपुर पुलिस के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के अधिकारी भी शामिल हैं।
चार दिन पहले रची गई थी हत्या की साजिश!…..
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि निखार की हत्या की योजना वारदात से करीब चार दिन पहले बनाई गई थी। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती योजना कदमा के विजय हेरिटेज स्थित निखार के आवासीय परिसर में हत्या करने की थी। लेकिन परिसर में सुरक्षा गार्ड और पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे होने के कारण अपराधियों ने योजना बदल दी. इसके बाद करीब तीन दिनों तक निखार की गतिविधियों और उसके आने-जाने वाले रास्तों की रेकी की गई। आखिरकार होटल से घर लौटने के दौरान सुनसान स्थान को वारदात के लिए चुना गया और मौका मिलते ही निखार पर हमला कर दिया गया।
हिरासत में कई संदिग्ध, हर एंगल से जांच……
पुलिस ने हत्या और हथियार से जुड़े मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। हालांकि पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर तथ्य की कड़ियों को जोड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाली हर कहानी और तथ्य का सत्यापन किया जाएगा, इसके बाद ही आधिकारिक निष्कर्ष सामने रखा जाएगा।
इधर, निखार सबलोक की ओर से पूर्व में एसएसपी कार्यालय में दी गई एक शिकायत को भी पुलिस हत्याकांड की जांच से जोड़कर देख रही है। शिकायत में उठाए गए बिंदुओं और वर्तमान घटनाक्रम के बीच किसी संभावित कड़ी की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस की बढ़ती सक्रियता और लगातार हो रही छापेमारी से साफ है कि निखार हत्याकांड में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच एजेंसियां अब हर छोटी-बड़ी कड़ी को बारीकी से खंगाल रही हैं।
