टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर मची चीख-पुकार, चालक समेत दो बच्चे गंभीर…. टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा इलाज
लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर N-111 के समीप शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। चिन्मया स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक टाटा विंगर स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वैन में सवार करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया।
धमाके जैसी आवाज से दहला इलाका, वैन में मची चीख-पुकार……
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन स्टेडियम की ओर से चिन्मया स्कूल के बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान N-111 के पास वैन का डिवाइडर से जोरदार टकराव हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का चैम्बर तक फट गया और जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद वैन के अंदर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
कार को देखने के दौरान बिगड़ा संतुलन? प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी घटना……
स्थानीय निवासी उत्तम के मुताबिक, चिन्मया स्कूल की ओर से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के सामने आ गई। कार वैन के बिल्कुल करीब से निकल गई। इसी दौरान चालक का ध्यान कार की ओर चला गया और पीछे मुड़कर देखने के क्रम में वैन का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया. हादसे में वैन चालक और दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे ने फिर उठाए स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल….
स्कूल बच्चों से भरी वैन के इस तरह दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सड़क सुरक्षा और स्कूल वाहनों की सुरक्षित आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



