जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में ग्राहक बनकर आभूषण दुकानों में पहुंची एक महिला द्वारा कथित तौर पर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने आभूषण खरीदने के बहाने दुकानों में प्रवेश किया और सामान देखने के दौरान दुकानदारों को चकमा देकर पायल और नथिया लेकर फरार हो गई। घटना के बाद क्षेत्र के ज्वेलरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, महिला सबसे पहले कदमा स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स पहुंची। उसने खुद को ग्राहक बताते हुए दुकानदार से अलग-अलग आभूषण दिखाने को कहा। इसी दौरान उसने एक जोड़ी पायल पसंद करने का नाटक किया। आभूषण देखने के दौरान महिला ने कथित तौर पर मौका पाकर पायल अपने कब्जे में कर ली और वहां से निकल गई।

इसके बाद महिला माणिक चंद ज्वेलर्स पहुंची और वहां भी ग्राहक बनकर आभूषण देखने लगी। दुकानदारों का आरोप है कि यहां भी उसने आभूषण देखने के दौरान चालाकी से नथिया अपने कब्जे में कर ली और मौका मिलते ही दुकान से बाहर निकल गई. घटना का पता चलने के बाद दुकानदारों ने अपने स्तर से महिला की तलाश शुरू की। साथ ही आसपास के अन्य ज्वेलरी कारोबारियों को भी घटना की जानकारी देकर सतर्क किया गया।
ज्वेलरी व्यवसायी शंकर प्रसाद वर्मा ने बताया कि महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान होने और घटना का खुलासा होने की उम्मीद है. घटना के बाद ज्वेलरी दुकानदारों ने ग्राहकों के रूप में आने वाले संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने तथा आभूषण दिखाने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और महिला की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य माध्यमों की मदद ली जा रही है।
