जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी संभाल चुके कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आज राज्य की सीमाओं से बाहर केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण सुरक्षा, जांच और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। झारखंड कैडर के बड़ी संख्या में आईपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर विभिन्न केंद्रीय संस्थानों और सुरक्षा एजेंसियों में सेवाएं दे रहे हैं। झारखंड पुलिस की 2026 सिविल लिस्ट में भी कई अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दर्ज किया गया है।

जमशेदपुर से निकले अफसर, केंद्रीय जिम्मेदारियों तक पहुंच……
जमशेदपुर में एसपी और एसएसपी के रूप में सेवाएं दे चुके संजय आनंद लाठकर, नवीन कुमार सिंह, अमोल वेणुकांत होमकर, अनूप टी. मैथ्यू, चंदन कुमार झा, डॉ. एम. तमिलवाणन, शुभांशु जैन और के. विजय शंकर समेत कई अधिकारियों ने अलग-अलग समय में केंद्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां संभाली हैं।
परमाणु ऊर्जा विभाग में संजय लाठकर…….
1995 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय आनंद लाठकर को 2026 में डीजी रैंक में प्रोन्नति मिली है। वर्तमान में वे परमाणु ऊर्जा विभाग में सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उन्हें Additional DG (Security) के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
CBI और केंद्रीय सुरक्षा बलों में भी मौजूदगी……
अनूप टी. मैथ्यू झारखंड पुलिस की 2026 सिविल लिस्ट में वर्तमान में SP, CBI ACB, मुंबई के पद पर दर्ज हैं, जबकि कुलदीप द्विवेदी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं. वहीं झारखंड कैडर के अधिकारी साकेत कुमार सिंह की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान CRPF में DIG के रूप में नियुक्ति का रिकॉर्ड केंद्र सरकार के IPS पोर्टल पर उपलब्ध है।
केंद्रीय संस्थानों में भी जमशेदपुर कनेक्शन…..
पूर्व जमशेदपुर पुलिस अधिकारियों की केंद्रीय स्तर पर मौजूदगी केवल जांच एजेंसियों या सुरक्षा बलों तक सीमित नहीं रही है। नवीन कुमार सिंह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, जबकि डॉ. एम. तमिलवाणन सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से जुड़े दायित्व पर रह चुके हैं।
शहर की पुलिसिंग से राष्ट्रीय जिम्मेदारियों तक……
जमशेदपुर में पुलिसिंग का अनुभव हासिल करने वाले इन अधिकारियों की केंद्रीय स्तर पर तैनाती इस बात को रेखांकित करती है कि शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन संभाल चुके अधिकारियों ने आगे चलकर विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. जमशेदपुर की पुलिसिंग से देश की सुरक्षा व्यवस्था तक इन अधिकारियों का सफर शहर के पुलिस प्रशासन से जुड़े अनुभव की व्यापकता को सामने लाता है।
