दक्षिण अफ्रीका के डरबन में एक घर के भीतर हुई सामूहिक गोलीबारी ने सनसनी फैला दी है। डरबन के दक्षिणी हिस्से में स्थित क्वामाखुथा टाउनशिप के जिको इलाके में हथियारबंद हमलावरों ने घर में घुसकर मौजूद लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वारदात में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं. दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक, घटना के समय घर में करीब 14 लोग मौजूद थे। इसी दौरान कम से कम तीन हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और लोगों को निशाना बनाते हुए लगातार गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर 10 ने तोड़ा दम, एक की अस्पताल में मौत……
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में 10 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हमले में घायल तीन लोगों का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है. मृतकों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी में उसके गर्भवती होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।
वारदात के बाद कार में लगाई आग……
हमलावर गोलीबारी के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पीड़ितों में से एक की कार में भी आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी।
संदिग्धों की तलाश में 72 घंटे का विशेष अभियान……
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस की कार्यवाहक राष्ट्रीय आयुक्त लेफ्टिनेंट जनरल पुलेंग डिम्पाने ने हमलावरों को पकड़ने के लिए 72 घंटे का विशेष ट्रैकिंग ऑपरेशन शुरू करने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और इनके आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
हमले की वजह अब तक साफ नहीं…….
फिलहाल सामूहिक गोलीबारी के पीछे की वजह आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है. पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उनके पास हमलावरों या घटना से संबंधित कोई विश्वसनीय जानकारी है, तो उसे जांच एजेंसियों के साथ साझा करें। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच एवं तलाशी अभियान जारी है।
