जमशेदपुर : जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी-मरीन ड्राइव मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह समेत कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में बताई गई है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

ट्रेलर से जा भिड़ी कार…….
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दोमुहानी-मरीन ड्राइव मार्ग पर एक ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सफेद कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार में सवार चारों लोगों की जान चली गई।
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग…….
जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार कितनी थी, चालक का वाहन पर नियंत्रण किस वजह से बिगड़ा और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर की स्थिति क्या थी।
चार परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़……
इस हादसे ने एक साथ चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी शोक की लहर दौड़ गई। तृषा के निधन की खबर से परिवार और परिचितों के बीच मातम पसरा हुआ है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख…….
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए अत्यंत असहनीय होता है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी जताई संवेदना…..
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी तृषा सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए इसे बेहद दुखद घटना बताया।
हादसे ने फिर खड़े किए सड़क सुरक्षा पर सवाल……
दुर्घटना के बाद एक बार फिर रात के समय सड़कों पर खराब या खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सड़क किनारे खराब पड़े भारी वाहनों को पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा व्यवस्था के बिना खड़ा किए जाने की स्थिति में रात के समय दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और आधिकारिक रिपोर्ट सामने आने के बाद दुर्घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।