मुंबई/रायगढ़ : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुणे के आलंदी से घूमने पहुंचे आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद समुद्र तट पर अफरा-तफरी मच गई।

नहाने के दौरान गहरे पानी में गए छात्र……
जानकारी के अनुसार, आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी से 48 लोगों का दल दिवेआगर पहुंचा था। समूह में 25 छात्र, 17 छात्राएं और छह शिक्षक शामिल थे। समुद्र तट पर पहुंचने के बाद कुछ छात्र नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से आठ छात्र गहरे पानी में चले गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रों को समुद्र की गहराई और पानी के तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं था। अचानक स्थिति बिगड़ने के बाद वे संभल नहीं सके और पानी में बह गए।
स्थानीय लोगों और बचाव दल ने चलाया अभियान……
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय जलक्रीड़ा संचालकों ने भी तलाश अभियान में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद समुद्र से सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए. पुलिस के अनुसार, शवों को बोर्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। प्रशासन ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
समुद्र तट की सुरक्षा पर उठे सवाल…..
दिवेआगर महाराष्ट्र का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां पुणे और मुंबई समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक पहुंचते हैं। हादसे के बाद समुद्र तट पर पर्यटकों की सुरक्षा, निगरानी और चेतावनी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि शुरुआती तौर पर हादसे की वजह समुद्र की गहराई और तेज बहाव का सही अनुमान नहीं लगा पाना बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं. आठ छात्रों की मौत की खबर से आलंदी और दिवेआगर दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर है। मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
