रांची : खेलगांव स्टेडियम में राज्यस्तरीय पारा स्विमिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए 60 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न कैटेगरी में खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर आयोजकों एवं उपस्थित अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम में पूर्व आईएएस अधिकारी एवं पैरालंपिक कमेटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष जटा शंकर चौधरी, ट्रेजरर सुनील विश्वास, ज्वाइंट सेक्रेटरी हीरालाल देशमुख, वाइस प्रेसिडेंट सुभाषिष झा समेत अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में JSSPS के स्विमिंग कोच एवं रेफरी उमेश पासवान तथा JSSPS के CEO एनके झा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था अमित अग्रवाल की ओर से की गई. इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता ने दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
