जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की मानगो शाखा के तत्वावधान में डिमना रोड स्थित श्री राजस्थान भवन में श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन और माता माधवी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं सामूहिक आरती से हुई. समारोह में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विभिन्न आयु वर्ग के लिए आयोजित मनोरंजक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह दिखाया। ‘नंबर कटेगा शोर मचेगा’ और ‘फिल्मी चक्कर’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहे। भजन गायक प्रेम अग्रवाल के संचालन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान समाज के वयोवृद्ध एवं वरिष्ठजनों का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया। वरिष्ठजनों ने नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत और समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आशीर्वाद दिया. कार्यक्रम में सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, मारवाड़ी सम्मेलन समेत विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष ललित डांगा, महासचिव नरेश चौधरी, कार्यक्रम संयोजक मनोज केजरीवाल समेत समाज के कई कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। अंत में हाई-टी के साथ राष्ट्रगान एवं सामूहिक मंगलकामना के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।
