चांडिल। शारदीय दुर्गा पूजा के अवसर पर अष्टमी के दिन चांडिल अनुमंडल के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। घंटियों की गूंज, शंखनाद और माता के जयकारों से पूजा पंडाल गूंजते रहे।

चौका स्थित नवदुर्गा पूजा पंडाल के अलावा चंदूडीह, रघुनाथपुर, चालियामा, टीकर, आसनबनी, चिलगु, भादुडीह और चैनपुर सहित विभिन्न गांवों के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन किए। वहीं, चांडिल बाजार क्षेत्र के कदमडीह, भालूकोचा, रुचाप और कादमडीह समेत 16 आना दुर्गा मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। इस दौरान मां गौरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
अष्टमी के पावन अवसर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा पंडालों में पहुंचे। दुर्गा पूजा को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। जगह-जगह सजे आकर्षक पूजा पंडाल और भक्तिमय वातावरण ने त्योहार की रौनक बढ़ा दी। मां दुर्गा की आराधना के साथ पूरा चांडिल अनुमंडल शक्ति, श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर देवाशीष राय,काबुल पाल, आशीष कुंडू, पृथु सिन्हा, सुब्रत चटर्जी,तापस मंडल, मिलन प्रमाणिक आदि उपस्थित थे.

