सीतापुर में अनोखा मामला: 22 दिन पहले लापता हुई महिला प्रेमी के साथ लौटी, पति ने खुद गाड़ी में बैठाकर दिल्ली किया रवाना, दो बेटों की मां के फैसले की इलाके में चर्चा
सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से प्रेम-प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। करीब 17 साल तक वैवाहिक जीवन बिताने के बाद एक महिला ने अपने पति के बजाय प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। पत्नी के फैसले के बाद पति ने भी विवाद करने के बजाय उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए उसे प्रेमी के साथ जाने की सहमति दे दी। इतना ही नहीं, पति की मौजूदगी में दोनों ने मंदिर के सामने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। इसके बाद पति ने खुद पत्नी को गाड़ी में बैठाकर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, ‘लोकतंत्र सवेरा’ वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

**22 दिन पहले अचानक लापता हो गई थी पत्नी…….
जानकारी के मुताबिक, मिश्रिख क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की शादी 12 मार्च 2009 को हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 16 और 14 वर्ष बताई जा रही है। पति निजी नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जाता है कि करीब 22 दिन पहले महिला अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पति ने गुमशुदगी दर्ज करा दी।
**फेसबुक पर हुई पहचान, फिर बढ़ीं नजदीकियां……
बताया जा रहा है कि महिला की फेसबुक के माध्यम से अंबेडकरनगर निवासी राहुल कुमार उपाध्याय से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां गहरी होती चली गईं। करीब 22 दिन बाद महिला वापस लौटी तो उसने अपने पति के साथ रहने के बजाय राहुल के साथ जीवन बिताने की इच्छा जाहिर कर दी।
**पत्नी की इच्छा सुन पति ने लिया बड़ा फैसला…….
पत्नी के फैसले के बाद पति ने उसे रोकने या विवाद करने के बजाय अपनी राह चुनने की सहमति दे दी। शनिवार को मिश्रिख तहसील परिसर में जरूरी कागजी कार्रवाई की गई। इसके बाद वहां स्थित हनुमान मंदिर के सामने महिला और राहुल ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। इस दौरान महिला का पति भी मौजूद रहा। शादी की रस्म पूरी होने के बाद पति ने खुद पत्नी को गाड़ी में बैठाया और उसे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया।
**‘अब पत्नी से कोई लेना-देना नहीं’…..
बताया जा रहा है कि पति ने इस फैसले के बाद स्पष्ट किया कि अब उसका पत्नी से कोई लेना-देना नहीं है। उसने दोनों के खुशहाल जीवन की कामना भी की। करीब 17 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते के इस तरह खत्म होने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे वीडियो को लेकर भी लोगों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
**एक रिश्ते का अंत, नई जिंदगी की शुरुआत!** करीब 17 साल के वैवाहिक जीवन, दो बच्चों और अचानक सामने आए इस फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

