जमशेदपुर। क्षत्रिय समाज संपूर्ण भारत की ओर से अष्टमी के पावन अवसर पर आशीर्वाद भवन ओल्ड एज होम में भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उन्हें अपनत्व, सम्मान व खुशियां बांटने का प्रयास किया।

कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज संपूर्ण भारत की राष्ट्रीय सह प्रदेश अध्यक्ष चंदा सिंह ने कहा कि माता-पिता अपना पूरा जीवन बच्चों के पालन-पोषण और उनके भविष्य को संवारने में लगा देते हैं। ऐसे में जीवन के अंतिम पड़ाव पर उनका अकेलापन महसूस करना समाज के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भले ही हम उनके बच्चों की कमी पूरी नहीं कर सकते, लेकिन उनके साथ समय बिताकर और खुशियां बांटकर उनके जीवन में सकारात्मकता ला सकते हैं. कार्यक्रम का नेतृत्व कोल्हान अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह एवं उनकी टीम ने किया। इस अवसर पर लक्ष्मी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्वेता सिंह और सोनी सिंह ने भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर धुन पर वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्ग भावविभोर होकर झूम उठे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संरक्षक धनेश सिंह (गुड्डू) का विशेष सहयोग रहा। वहीं, बीना सिंह, कंचन सिंह, मोनी सिंह एवं सोनी सिंह ने भोग की व्यवस्था संभाली। इस अवसर पर राजेश सिंह, संजय सिंह, सुनील सिंह, राजेश उज्जैन, अनु रंजन सिंह, रीना, माला रानी, रिंकू, पूनम सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे. कार्यक्रम के माध्यम से समाज ने संदेश दिया कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उनके जीवन में खुशियां लाने के लिए समय देना, उनका सम्मान करना और उन्हें अपनत्व का एहसास कराना ही सच्ची सेवा है।

