चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव में एक महिला की हत्या कर शव को घर के अंदर दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
### चार दिन से लापता थी महिला……
जानकारी के अनुसार, गुरुवारी हांसदा पिछले चार दिनों से लापता थी। उसके दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना उसकी विवाहित बेटियों को दी। बेटियां मायके पहुंचीं तो घर की दीवारों पर खून के धब्बे देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
### मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई खुदाई……
सूचना मिलने पर पांड्राशाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक छानबीन के दौरान घर के अंदर शव दफनाए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के फर्श की खुदाई कराई गई, जहां से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
### पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव……
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। आरोपी पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. इस घटना के बाद तुंगी गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


