पप्पू वर्मा बोले—रेलवे की बड़ी सौगात, अब झारखंड से राजस्थान के धार्मिक स्थलों तक पहुंचना होगा आसान
चांडिल : टाटानगर से जयपुर के बीच नई ट्रेन सेवा की शुरुआत से झारखंड के यात्रियों, विशेषकर राजस्थान के धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। करीब 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को लंबी दूरी की सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। चांडिल जंक्शन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रेन का स्वागत करते हुए लोको पायलट को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ट्रेन को ऑनलाइन माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस नई रेल सेवा से झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर खाटू श्याम बाबा, सालासर बालाजी, जीण माता समेत राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।
### चांडिल जंक्शन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत……
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के अंतर्गत आने वाले चांडिल जंक्शन पर शाम करीब चार बजे भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जुटे। ट्रेन के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने लोको पायलट का फूल-माला पहनाकर अभिनंदन किया। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना किया गया। चांडिल से भी यात्रियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई थी, जिसके माध्यम से यात्रियों ने अपनी यात्रा शुरू की।
### पप्पू वर्मा बोले—पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात……
भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा ने नई ट्रेन सेवा को चांडिल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा की शुरुआत से क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी है। राजस्थान धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और सनातन संस्कृति में विश्वास रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन विशेष महत्व रखती है. उन्होंने कहा, “अब यहां से सीधे ट्रेन में बैठकर खाटू श्याम बाबा, सालासर बालाजी और जीण माता जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आसान होगा। इसके लिए केंद्र सरकार और सांसद को बहुत-बहुत धन्यवाद।”
### श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत……
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो ने कहा कि टाटानगर से जयपुर के लिए शुरू हुई यह ट्रेन क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। चांडिल में ट्रेन के स्वागत के साथ यात्रियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से श्रद्धालुओं को राजस्थान जाने में सहूलियत मिलेगी. वहीं, यात्री संजय शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस ट्रेन से पूरे क्षेत्र की जनता और श्याम भक्तों को काफी सुविधा होगी। अब बाबा के दर्शन के लिए सीधे रेल यात्रा करना आसान होगा। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के चार सदस्यों के साथ यात्रा कर रहे हैं, ताकि दूसरे लोगों को भी खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए जाने की प्रेरणा मिले।
### कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव…….
टाटानगर-जयपुर ट्रेन का मार्ग झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगा। प्रस्तावित ठहरावों में चांडिल जंक्शन, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं. नई ट्रेन सेवा से क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलने के साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। चांडिल में हुए स्वागत समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और यात्रियों ने इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।


