रांची : राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार की सुबह मांडर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दूध कारोबारी रामू की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। रोज की तरह रामू पिको गांव स्थित दूध सेंटर पर दूध देने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामू को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। डीएसपी ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का पूरा खुलासा किया जाएगा. रोजी-रोटी के लिए दूध बेचने निकले रामू की हत्या ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



