चमोली (उत्तराखंड) : उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से फाटा जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का एक हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास लापता हो गया। घटना हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के आसपास की बताई जा रही है। हेलिकॉप्टर की लोकेशन अचानक गायब होने के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
पैसेंजर मैनिफेस्ट के अनुसार, हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे, जिनमें पांच यात्री शामिल हैं। तलाशी के लिए दो अन्य हेलिकॉप्टर भी लगाए गए हैं। हालांकि, अब तक हेलिकॉप्टर का मलबा नहीं मिला है और यात्रियों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इलाके में लगातार बारिश और घने बादल छाए रहने से रेस्क्यू अभियान में परेशानी हो रही है। फिलहाल प्रशासन की टीमें बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच हेलिकॉप्टर की तलाश में जुटी हैं।



