रांची : राजधानी रांची में सक्रिय राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान सीठियो इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में गिरोह का एक सदस्य पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए रिम्स भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी एक कार में सवार होकर रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं। आशंका जताई गई थी कि वे किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने रिंग रोड इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो पिस्टल, कारतूस, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
### पूछताछ में कई गोलीकांडों से जुड़ाव का खुलासा…….
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान गिरोह की कई आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, इन अपराधियों की संलिप्तता कांके में हुई फायरिंग, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई गोलीबारी की घटनाओं में सामने आई है। पुलिस अब इन घटनाओं में उनकी भूमिका और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
### सीठियो में पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अपराधी घायल…….
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य की तलाश में सीठियो इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान संदिग्ध अपराधी ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है। उसके पास से भी एक पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
### तीन पिस्टल और कार समेत कई सामान जब्त……
पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल तीन पिस्टल, कारतूस, मैगजीन, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों, सहयोगियों और संभावित वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं. फिलहाल रांची पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। वहीं, मुठभेड़ की घटना को लेकर भी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और जांच की जा रही है।



