जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कीताडीह में मंगलवार को बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में रवि नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि अपने घर के बाहर खड़ा था। उसी दौरान कुछ युवक बाइक पर सवार होकर आए और अचानक उस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।



रवि को गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे उठाया और तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। रवि की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। घटनास्थल से चार खोखा बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का भरोसा दिला रही है।
