जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के नारगा चौक के पास शनिवार तड़के करीब एक बजे भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से कोलकाता जा रही एक बस नारगा चौक के पास खड़ी थी। इसी दौरान बस के समीप मछली लोडिंग का काम चल रहा था। तभी विपरीत दिशा से आए तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अर्जुन और अबोद नामक दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक वाहन का खलासी भी शामिल बताया जा रहा है. सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस जब्त कर ली है। फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश जारी है।



