जमशेदपुर/आदित्यपुर : संपत्ति का विवाद इस कदर खूनी रंग ले लेगा, किसी ने शायद इसकी कल्पना भी नहीं की होगी। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर स्थित आवास में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान सनसनीखेज गोलीकांड हो गया। आरोप है कि संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु ने अपने छोटे भाई और 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक डॉ. ओपी आनंद पर गोली चला दी। गोली डॉक्टर की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टिनप्लेट स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। अपने ही परिवार के दो भाइयों के बीच हुई इस खूनी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
### जिम से लौटते ही गोलियों से हमला, अंगरक्षक की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी…….
घटना के संबंध में घायल डॉक्टर के अंगरक्षक अमित कुमार ने बताया कि डॉ. ओपी आनंद जिम से लौटकर अपने आवास पहुंचे थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु अचानक हाथ में पिस्तौल लेकर नीचे आए और उन पर फायरिंग कर दी। अंगरक्षक के अनुसार, उन्होंने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को पीछे खींच लिया, जिससे पहली गोली निशाने पर नहीं लगी, जबकि दूसरी गोली जमीन पर जा लगी। हालांकि, इसी दौरान चली गोली डॉ. आनंद की पीठ में लग गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
### बेटी का आरोप- बड़े पापा ने ही चलाई गोली……
डॉ. ओपी आनंद की बेटी आर्या आनंद ने आरोप लगाया कि उनके पिता पर गोली उनके बड़े पापा सत्यप्रकाश सुधांशु ने ही चलाई। फायरिंग के बाद आरोपी कथित तौर पर चुपचाप अपने कमरे में चले गए। आर्या के अनुसार, परिवार में दो लाइसेंसी पिस्तौल हैं, जिनमें एक सत्यप्रकाश सुधांशु और दूसरी उनकी पत्नी के नाम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद हथियार कमरे में छिपा दिए गए थे। परिजनों ने पुलिस से मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
### 2024 में पश्चिम विधानसभा से निर्दलीय लड़ चुके हैं चुनाव…….
गोलीकांड में घायल डॉ. ओपी आनंद शहर के जाने-माने चिकित्सक हैं। वे 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक के रूप में पहचान रखते हैं। चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रियता रही है। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में टेंपो चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। वहीं, आरोपी बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु पेशे से इंजीनियर बताए जाते हैं।
### पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार और पिस्तौल जब्त…….
गोलीबारी की सूचना मिलते ही सरायकेला पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में आदित्यपुर और आरआईटी थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मौके से दो खोखे भी बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर ली गई।
### एसडीपीओ बोले- संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर चलाई गोली…..
सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर फायरिंग की है। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है. एक ही घर में रहने वाले दो सगे भाइयों के बीच संपत्ति विवाद का इस तरह गोलीबारी तक पहुंच जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल घायल चिकित्सक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



