जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदमपुर रोड नंबर 2 में गुरुवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 22 वर्षीय अली हुसैन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी का निवासी था और मखदमपुर में किराए के मकान में अकेले रहकर काम करता था।
सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला, तो मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहाँ अंदर अली को फंदे से लटका पाया गया। तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई. घटनास्थल पर परसुडीह थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि अली ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस उसके मोबाइल फोन और निजी जीवन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता चल सके।
मृतक के पिता सलीम अंसारी ने बताया कि उनका बेटा हाल के दिनों में कुछ चुपचाप रहने लगा था, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोन की जांच से ही मौत के कारणों का पूरा खुलासा हो सकेगा।
