झारखंड : सऊदी अरब से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना के अनुसार, सऊदी पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ (गोलीबारी) में झारखंड के गिरिडीह जिले का एक युवक मारा गया। मृतक की पहचान विजय कुमार महतो (उम्र 26 वर्ष), निवासी डुमरी प्रखंड, गिरिडीह के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब सऊदी पुलिस अपराधियों के एक गिरोह को पकड़ने पहुंची थी, तभी अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इसी दौरान गोली लगने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई।

विजय तीन साल पहले रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गया था। विजय सऊदी अरब में एक निजी कंपनी में काम करता था और हर महीने घर पैसे भेजता था। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति उसी पर निर्भर थी। उसकी मौत की सूचना मिलते ही गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड स्थित गांव में मातम छा गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
झारखंड के श्रम विभाग ने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास से संपर्क कर लिया है और विजय के शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया गया है कि आवश्यक दस्तावेज़ों की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और संभावना है कि कुछ दिनों में शव झारखंड लाया जा सकेगा। गांव के लोगों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
मजदूर सुरक्षा पर सवाल……
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि विदेशों में काम करने गए भारतीय मजदूरों की सुरक्षा के लिए सरकारें क्या ठोस कदम उठा रही हैं। बताया गया है कि सऊदी अरब जैसे देशों में हजारों झारखंडी युवा रोजगार के लिए काम कर रहे हैं, और कई बार ऐसी अप्रत्याशित घटनाओं में उनकी जान चली जाती है।
